पंजाबी अभिनेता-गायक राजवीर जवंदा हाल ही में एक दुर्घटना का शिकार ह हो गए थे. उन्हें बेहद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. जब से उनकी दुर्घटना की खबर आई है, पंजाबी इंडस्ट्री शोक और सदमे में है. हर कोई उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है और अपने-अपने फैंस से एकजुट होकर प्रार्थना करने का आग्रह कर रहा है. इसी कड़ी में दिलजीत दोसांझ ने अपने हांगकांग कॉन्सर्ट को कुछ समय के लिए रोक दिया और अपने फैंस से राजवीर जवंदा के स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया.
दिलजीत दोसांझ की टीम ने अपने इंस्टाग्राम पर हांगकांग कॉन्सर्ट से सिंगर का एक वीडियो अपलोड किया है. वीडियो में, दिलजीत दोसांझ अपने लाइव कॉन्सर्ट के बीच में रुककर एक भावुक अपील करते दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने राजवीर के बारे में बहुत सारी प्यारी बातें कहीं और कहा कि वह एक बेहतरीन गायक हैं और कभी किसी विवाद में नहीं फंसे.
दिलजीत ने कहा, ‘हमारा एक बहुत प्यारा भाई है. वह एक बहुत अच्छा गायक है, राजवीर जवंदा. कल बाइक से उसका एक्सीडेंट हो गया. प्लीज उसके लिए प्रार्थना करें. दुआओं का बहुत असर होता है. वह जल्द ठीक हो. दुबारा हमारे बीच हो. उन्हें शो करने चाहिए. वह बहुत अच्छा गाते हैं, राजवीर वीरा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘उनके शो बहुत अच्छे होते हैं. मुझे लगता है कि वह कभी किसी विवाद में नहीं फँसे. वह सभी से बहुत प्यार करते हैं. दिलजीत ने फिर अपने लाइव दर्शकों से राजवीर के लिए प्रार्थना करने को कहा और कहा, ‘जब आप किसी के लिए सच्चे दिल से प्रार्थना करते हैं, तो वह आपकी प्रार्थना जरूर पूरी करता है. तो प्लीज उनके लिए प्रार्थना करें.’
उन्होंने आगे कहा, ‘वह बहुत ही खूबसूरत गायक हैं, राजवीर जवंदा. शुक्रिया दोस्तों. मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं.’ इससे पहले, दिलजीत दोसांझ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर राजवीर की दुर्घटना की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था, ‘राजवीर वीरा के लिए प्रार्थना करता हूं. अभी दुर्घटना की खबर सुनी.’
इस कदम ने फैंस को बहुत प्रभावित किया, जो शनिवार की दुखद दुर्घटना के बाद से राजवीर के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं. गायक को बाइक दुर्घटना में सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं और उन्हें पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा, फिर उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अस्पताल जाकर राजवीर से मुलाकात की और पुष्टि की कि हालांकि वह अभी भी बेहोश हैं, लेकिन उनकी हालत कल से बेहतर है.
